kotha
post authorAdmin 29 Jul 2025

उत्तराखंड पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में बारिश भी नहीं रोक पाई वोटिंग का जोश, 70% मतदान दर्ज.

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं का उत्साह मौसम पर भारी पड़ा। सोमवार को हुए मतदान में प्रदेश के 40 विकासखंडों के 4709 मतदान केंद्रों पर कुल 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह आंकड़ा पहले चरण के मुकाबले दो प्रतिशत अधिक रहा, जिसमें 68 प्रतिशत मतदान हुआ था।

इस चरण की खास बात यह रही कि ऊधमसिंह नगर जिले में सर्वाधिक 84.26 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि देहरादून में भी 77.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह देखने लायक था। राज्यभर में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा रही, जो लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाता है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल 21,57,199 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें पुरुष मतदाता 65.50% और महिला मतदाता 74.50% मतदान केंद्रों तक पहुंचे। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और देर शाम तक चलता रहा। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक 12.42%, दोपहर 12 बजे तक 24%, 2 बजे तक 41.95% और शाम 4 बजे तक 58.12% मतदान हो चुका था, जो अंत में 70 प्रतिशत तक पहुंच गया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि सभी विकासखंडों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न हुआ। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के चलते कहीं से किसी प्रकार की गंभीर गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।

इस चरण में कुल 14,751 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है, जबकि पहले चरण में 17,829 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। अब मतगणना 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी।

जिलावार देखें तो उत्तरकाशी में 75.96%, नैनीताल में 76.07%, टिहरी में 60.05% और अल्मोड़ा में सबसे कम 58.20% मतदान हुआ। इस तरह दूसरे चरण के भारी मतदान ने चुनावी तापमान को फिर से तेज़ कर दिया है।