उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025 के नतीजों में टिहरी जिले के नरेंद्रनगर ब्लॉक से एक प्रेरणादायक और अनोखी तस्वीर सामने आई है। यहां एक ही परिवार से पति-पत्नी ने अलग-अलग वार्डों से जीत दर्ज कर क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) बनकर इतिहास रच दिया। सिद्धार्थ राणा और उनकी पत्नी दीक्षा राणा अब दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों में जनसेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
दीक्षा राणा ने भैंतण वार्ड नंबर 43 से चुनाव लड़ते हुए कुल 600 में से 579 वोट हासिल किए और अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी लक्ष्मी देवी को 21 वोटों के अंतर से हराया। उनकी यह जीत महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता का मजबूत उदाहरण बनी है।
वहीं, सिद्धार्थ राणा ने रौन्देली वार्ड नंबर 14 से 963 वोट पाकर शानदार जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी गजपाल सिंह को मात्र 601 वोट ही मिले। कुल 1583 वोटों में से 362 वोटों के अंतर से मिली यह जीत सिद्धार्थ राणा के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस चुनावी नतीजे ने न केवल इस दंपती को एक राजनीतिक जोड़ी के रूप में पहचान दी है, बल्कि स्थानीय राजनीति में ईमानदारी और विकास की उम्मीदों को भी नई ऊर्जा दी है। दोनों ने अपने वार्डों में पारदर्शिता, जनसरोकार और विकास को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया है।
स्थानीय लोग इस जोड़ी की जीत को नई सोच और युवा नेतृत्व के रूप में देख रहे हैं। उत्तराखंड की पंचायत राजनीति में यह उदाहरण साबित करता है कि अगर इरादे नेक हों, तो एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ समाज की सेवा में जुट सकते हैं।



Admin






