kotha
post authorAdmin 24 Aug 2025

थराली आपदा: सीएम धामी का दौरा, राहत कार्य तेज, प्रभावितों ने जताई नाराजगी.

चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। इस आपदा में 90 से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं। सड़कों के कटाव, मकानों को नुकसान और संचार व्यवस्था बाधित होने से हालात गंभीर हैं। प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हैं।

रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। हेलीपैड पर उतरते ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और राहत शिविरों का दौरा किया। कुलसारी में सीएम धामी ने आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और पुनर्वास के सभी इंतजाम किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने प्रभावित परिवारों को राहत राशि के चेक भी बांटे। उन्होंने कहा कि किसी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी और समय पर सहायता दी जाएगी।

हालांकि, सीएम के दौरे के दौरान प्रभावितों की नाराजगी भी देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक, कुछ महिलाओं ने सीएम धामी की गाड़ी के आगे बैठकर विरोध जताया। उनका आरोप है कि प्रशासन ने अब तक राहत सामग्री सही ढंग से नहीं पहुंचाई है और कई परिवार बेसहारा हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क संपर्क टूटने और नेटवर्क बाधित होने से मदद समय पर नहीं मिल पा रही है।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर कहा कि आपदा से प्रभावित हर परिवार को समय पर सहायता दी जाएगी। उन्होंने लिखा कि समस्याओं का त्वरित समाधान और पुनर्वास की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी।