kotha
post authorAdmin 27 Aug 2025

देहरादून नगर निगम की 11 घंटे लंबी बैठक में 329 करोड़ का बजट पारित, हंगामे के बीच बनी सहमति.

नगर निगम देहरादून की तीसरी बोर्ड बैठक मंगलवार को करीब साढ़े 11 घंटे चली। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 329.35 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। अनुमानित आय 332 करोड़ रुपये के मुकाबले यह व्यय प्रस्ताव अनुमोदित किया गया।

बैठक सुबह 11:15 बजे मेयर सौरभ थपलियाल की अध्यक्षता में शुरू हुई। नगर आयुक्त नमामी बंसल ने धराली-थराली आपदा पीड़ितों के लिए दो मिनट का मौन रखकर कार्यवाही की शुरुआत की। बैठक में 40 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा और अनुमोदन हुआ। इनमें कुत्तों पर नीति, डेयरी नीति, पथ प्रकाश व्यवस्था और यूजर चार्ज में 50 प्रतिशत छूट जैसे अहम प्रस्ताव शामिल रहे।

बैठक के दौरान हंगामे की स्थिति भी बनी। भाजपा पार्षद विशाल के बयान – “कांग्रेसी हर जगह शांत रहते हैं...” – पर कांग्रेस पार्षदों ने कड़ा विरोध जताया। कांग्रेस पार्षद सदन के बीच बैठकर विरोध करने लगे, जिससे कार्यवाही कुछ देर बाधित रही। स्थिति को संभालने के लिए मेयर और अधिकारियों को मान-मनौव्वल करना पड़ा।

बैठक में स्वास्थ्य अनुभाग से जुड़े चार, निर्माण विभाग के 11 प्रस्ताव और अन्य कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं, प्रत्याशा श्रेणी के प्रस्तावों को खारिज कर दिया गया। पार्षदों का तर्क था कि प्रत्याशा शब्द एक्ट में नहीं है, इसलिए इस श्रेणी के अंतर्गत कार्य अवैध होंगे। लंबे विवाद और चर्चाओं के बाद देर रात सभी प्रस्तावों पर सहमति बनी और बैठक संपन्न हुई। पार्षदों ने नगर निगम की योजनाओं और कामकाज को लेकर कई सुझाव भी दिए।