उत्तराखंड भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की सूची तैयार हो चुकी है और अब इसके औपचारिक जारी होने का इंतजार है। प्रदेशभर के नेताओं और कार्यकर्ताओं की निगाहें इस सूची पर टिकी हुई हैं। खास बात यह है कि पहली बार संगठन में बड़े पद पर महिला को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसे पार्टी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई कार्यकारिणी में कुल 31 पदाधिकारी होंगे। इनमें आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश मंत्री, तीन महामंत्री, एक महामंत्री संगठन, एक प्रदेश मीडिया प्रभारी, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय सचिव शामिल रहेंगे। इसके अलावा सात मोर्चों — युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा — के अध्यक्ष भी घोषित किए जाएंगे।
बीते शुक्रवार को कई नेता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से उनके आवास पर मिले। चर्चा का केंद्र इसी नई कार्यकारिणी की सूची रही। पिछले माह दिल्ली से लौटने के बाद महेंद्र भट्ट ने संगठनात्मक बदलाव की कवायद को तेज किया था। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा को ऐसी नई टीम की जरूरत है, जो बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती दे सके और जीत की हैट्रिक के लक्ष्य को साकार कर सके।
सूत्रों के अनुसार, नई कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने से पहले वरिष्ठ नेताओं से व्यापक विमर्श किया गया है। सभी नामों पर सहमति बनने के बाद अब सिर्फ सूची जारी करने की औपचारिकता बाकी है। अनुमान है कि अगर यह शनिवार को जारी नहीं होती है, तो नवरात्र तक इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि 7 सितंबर से पितृ पक्ष की शुरुआत हो रही है।
नई कार्यकारिणी में महिलाओं की भागीदारी को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है। माना जा रहा है कि महिला पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपना भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा होगा। राजनीतिक विश्लेषक भी मानते हैं कि इससे संगठन में संतुलन आएगा और नई ऊर्जा का संचार होगा।



Admin






