kotha
post authorAdmin 07 Sep 2025

"10 सितंबर से खुलेगा हेली टिकट पोर्टल: केदारनाथ-हेमकुंड साहिब जाने वालों के लिए बड़ी राहत".

चारधाम यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव—केदारनाथ और हेमकुंड साहिब—के लिए श्रद्धालुओं का इंतजार खत्म होने जा रहा है। अब हेली सेवा की टिकट बुकिंग 10 सितंबर से शुरू होगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और आईआरसीटीसी ने इसकी औपचारिक घोषणा कर दी है। पोर्टल 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे खुलेगा और यात्री 15 सितंबर से 11 अक्टूबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुक कर सकेंगे।

इस बार किराए में इजाफे की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नई सुरक्षा मानकों और संचालन लागत बढ़ने के कारण श्रद्धालुओं को थोड़ा ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि 15 जून को हुए हेली हादसे के बाद डीजीसीए ने शटल सेवाओं पर रोक लगा दी थी। हादसे ने सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक उच्चस्तरीय समिति बनाकर सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए। समिति ने अब रिपोर्ट सौंप दी है और उसी आधार पर सेवाएं दोबारा शुरू करने का रास्ता साफ हुआ है।

हाल ही में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए अधिकारियों के साथ बैठक की। राज्य सरकार ने हेली सेवाओं पर लगी रोक हटाने और संचालन में सहयोग करने की मांग रखी थी। डीजीसीए की मंजूरी मिलने के बाद अब सेवाओं को फिर से शुरू करने की हरी झंडी मिल गई है।

नई एसओपी में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पायलटों के उड़ान घंटे सीमित किए गए हैं, मशीनों की नियमित तकनीकी जांच अनिवार्य होगी और मौसम पर पैनी निगरानी रखी जाएगी। यात्रियों के लिए भी नई गाइडलाइंस जारी होंगी।

केदारनाथ और हेमकुंड साहिब ऊंचाई पर स्थित कठिन ट्रेकिंग वाले तीर्थस्थल हैं। बुजुर्ग और बीमार श्रद्धालुओं के लिए हेली सेवा राहत का बड़ा साधन है। हर साल लाखों लोग इसका लाभ उठाते हैं और इस बार भी बुकिंग खुलते ही भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।