अहमदाबाद में हाल ही में हुए भीषण विमान हादसे को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक गहरा आघात है। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसे हमें जीवन की नाजुकता और आपदाओं के प्रति सजग रहने की आवश्यकता का एहसास कराते हैं।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि इस हादसे में उत्तराखंड का कोई भी नागरिक प्रभावित पाया जाता है, तो तुरंत आवश्यक राहत एवं सहायता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की हर घड़ी में देश और अपने नागरिकों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार आपदा के किसी भी समय संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस कठिन समय में संयम और एकता बनाए रखें।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और ईश्वर से प्रार्थना की कि वह सभी शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



Admin






