उत्तराखंड सरकार ने राज्य के मेधावी छात्रों को सम्मानित करने और उन्हें प्रशासनिक अनुभव प्रदान करने के लिए एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं कि उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को उनके जनपद में एक दिन के लिए जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ को बढ़ावा देना है, ताकि वे जीवन में बड़े लक्ष्यों की ओर प्रेरित हो सकें। उन्होंने इस योजना को जल्द लागू करने के लिए सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी करने के आदेश दिए हैं। साथ ही, शासन स्तर पर एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है ताकि योजना को सभी जिलों में सफलतापूर्वक लागू किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह न केवल छात्रों के लिए सम्मान का विषय होगा, बल्कि उन्हें प्रशासन की जिम्मेदारियों और कामकाज को समझने का व्यावहारिक अवसर भी मिलेगा। यह उनके करियर और भविष्य के निर्णयों में सहायक साबित होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में “नदी उत्सव” आयोजित करने की भी घोषणा की। यह उत्सव उत्तराखंड की प्रमुख नदियों के नाम पर आयोजित किया जाएगा और इसमें स्थानीय जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य नदियों की सफाई, पुनर्जीवन, संरक्षण और स्वच्छता को एक जन अभियान में बदलना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा हैं। 'नदी उत्सव' के माध्यम से जनता को जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। सरकार की यह दोहरी पहल भविष्य की पीढ़ी को सशक्त और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



Admin






