kotha
post authorAdmin 18 Jun 2025

जंगलचट्टी हादसा: केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा गिरने से दो की मौत, तीन घायल – भूस्खलन बना मौत का कारण.

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी के पास पहाड़ी से अचानक भारी मलबा गिरने से पांच लोग उसकी चपेट में आकर गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में दो डंडी-कंडी (पालकी) मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के नितिन कुमार (उम्र 18 वर्ष) और चंद्रशेखर के रूप में हुई है।

घायलों में संदीप कुमार (डोडा, जम्मू), नितिन मन्हास (डोडा, जम्मू) और आकाश चितरीय (भावनगर, गुजरात) शामिल हैं। तीनों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा भूस्खलन के कारण हुआ है। जैसे ही मलबा गिरा, कुछ लोग नीचे खाई में जा गिरे। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को खाई से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब उत्तराखंड के कई हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश जारी है। मौसम विभाग ने पहले ही 19 जून को प्रदेश में तेज गर्जना और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। खासकर पर्वतीय इलाकों के लिए भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी पहले ही जारी की गई थी। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज हवाओं, गर्जना और बारिश की आशंका बनी हुई है।