उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को जल्द नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने इस दिशा में तैयारी पूरी कर ली है और एक जुलाई को नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा संभव मानी जा रही है। 29 जून से चुनावी प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ भाजपा राष्ट्रीय परिषद के आठ सदस्यों का भी चयन किया जाएगा।
प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं प्रदेश चुनाव अधिकारी खजानदास के अनुसार, 29 जून को चुनाव अधिसूचना जारी होने की संभावना है, जिसमें मतदाता सूची भी पार्टी कार्यालय में चस्पा की जाएगी। इसके बाद 30 जून को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी और एक जुलाई को नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन किया जा सकता है।
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। वर्तमान अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोबारा जिम्मेदारी मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। उनके पक्ष में अब तक के चुनावी नतीजों में पार्टी की सफलता, वरिष्ठ नेताओं में उनकी स्वीकार्यता और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनका बेहतर समन्वय प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
हालांकि, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अपने चौंकाने वाले फैसलों के लिए जाना जाता है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नए चेहरे की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं। माना जा रहा है कि गढ़वाल क्षेत्र के ब्राह्मण नेता को संगठन की कमान सौंपी जा सकती है।
प्रदेश भाजपा के गलियारों में जिन नामों की चर्चा है, उनमें प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, दर्जाधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली और विधायक बृजभूषण गैरोला प्रमुख हैं। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि यदि पार्टी महिला नेतृत्व को आगे लाना चाहे, तो किसी महिला नेता को भी प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी जा सकती है।
भाजपा का यह निर्णय आगामी चुनावी रणनीतियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।



Admin






