उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर भारी से अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर पहाड़ी जिलों और कुछ मैदानी इलाकों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से पीसीएस परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों से अनुरोध किया कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय से पहले परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हों। उन्होंने कहा कि सरकार आपकी सुरक्षा और भविष्य दोनों के प्रति प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार मौसम की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और आपदा प्रबंधन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्थानीय प्रशासन को सभी आवश्यक संसाधनों और निर्देशों के साथ तैयार रहने को कहा गया है।
राज्य के कई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ है और कुछ सड़क मार्ग भी बंद हुए हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तत्काल संपर्क करने की अपील की है।
प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव दल सक्रिय कर दिए गए हैं। राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी संकट की घड़ी में प्रशासन का सहयोग करें।



Admin






