kotha
post authorAdmin 29 Jun 2025

Tehri Accident: टिहरी में बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, पांच घायल.

टिहरी जिले के लंबगांव क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब भैंतलाखाल से रावतगांव होते हुए लंबगांव जा रही एक अल्टो कार (UK-07F-1795) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खाई से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रौतेला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसा रावतगांव के पास हुआ, जहां गाड़ी लगभग 50-60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड, लंबगांव पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वाहन को खाई से निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि सड़क संकरी होने और मौसम खराब होने के चलते वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया था।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, विशेषकर बरसात के मौसम में, जब सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं।