उत्तराखंड भाजपा में नेतृत्व की कमान एक बार फिर से महेंद्र भट्ट को सौंपी गई है। भट्ट लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। मंगलवार को आयोजित भाजपा प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की भी घोषणा की गई, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल 'निशंक', त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत समेत आठ वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।
सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई थी, जिसमें केवल महेंद्र भट्ट ने ही नामांकन दाखिल किया। इसके चलते उनका चुनाव निर्विरोध हुआ। प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास को भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन सौंपा। इस दौरान सह चुनाव अधिकारी पुष्कर काला, मीरा रतूड़ी, राकेश गिरी, सरकार में दायित्वधारी ज्योति गैरोला, कुलदीप कुमार, सुभाष बड़थ्वाल, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली और मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नामांकन के दौरान महेंद्र भट्ट के समर्थन में दस प्रमुख प्रस्तावकों ने हस्ताक्षर किए। इन प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा प्रमुख थे। इनके अलावा डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, नरेश बंसल, कल्पना सैनी, महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, बिशन सिंह चुफाल, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, विनोद कंडारी, राम सिंह कैड़ा, महंत दिलीप सिंह रावत और बृजभूषण गैरोला जैसे नामचीन नेताओं का समर्थन भी उन्हें मिला।
भट्ट के पुनः अध्यक्ष बनने से भाजपा संगठन में स्थायित्व और अनुभव की निरंतरता बनी रहेगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए यह नियुक्ति रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



Admin






