उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने को तैयार है। मौसम विज्ञान केंद्र ने छह जुलाई को देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अन्य जिलों के लिए भी तेज बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पहाड़ी इलाकों में सड़कों के बंद होने का सिलसिला जारी है। यमुनोत्री हाईवे समेत राज्यभर में कुल 67 सड़कें मलबा आने से बंद हैं। इससे जनजीवन और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, रुद्रप्रयाग में चार ग्रामीण सड़कें, उत्तरकाशी में एक राष्ट्रीय राजमार्ग और 11 ग्रामीण सड़कें, नैनीताल में दो, चमोली में एक राज्य मार्ग समेत 21 ग्रामीण सड़कें, पिथौरागढ़ में छह ग्रामीण, अल्मोड़ा में एक राजमार्ग व एक ग्रामीण मार्ग, बागेश्वर जिले में 11, पौड़ी गढ़वाल में तीन, देहरादून में दो और टिहरी जिले में तीन ग्रामीण सड़कें बंद पड़ी हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क है और प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी और राहत दल तैनात किए जा रहे हैं।
तेजी से बदलते मौसम के बीच उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में निवास कर रहे लोगों के लिए आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ऐसे में सतर्कता और सावधानी ही सुरक्षा की कुंजी है।



Admin






