kotha
post authorAdmin 06 Jul 2025

कार्बेट सफारी में दिखा सीएम धामी का प्रकृति प्रेम, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से दिया हरियाली का संदेश.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रामनगर स्थित कार्बेट नेशनल पार्क में जंगल सफारी का रोमांचकारी अनुभव लिया। जंगल की गहराइयों में उन्होंने वन्यजीवन की अनमोल झलक देखी और प्रकृति की विविधता को करीब से महसूस किया। यह अनुभव उनके लिए सिर्फ एक भ्रमण नहीं, बल्कि जैव विविधता से जुड़ने का भावनात्मक अवसर भी रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीति और प्रयासों से उत्तराखंड में जंगल सफारी पर्यटन को नई दिशा मिली है। अब देश-विदेश से पर्यटक बड़ी संख्या में यहां आ रहे हैं, जिससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिला है, बल्कि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

सफारी के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने वन विभाग, स्थानीय निवासियों और पर्यावरण प्रेमियों के साथ मिलकर 1000 से अधिक पेड़ लगाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि यह मातृत्व और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम से भी मुलाकात की और उनके समर्पण व संरक्षण कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य के वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय है।