kotha
post authorAdmin 07 Jul 2025

उत्तराखंड: 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, नदियों के किनारे जाने से बचें - मौसम विभाग की चेतावनी.

उत्तराखंड में मानसून पूरी रफ्तार पर है और राज्य भर में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने मंगलवार, 8 जुलाई के लिए प्रदेश में व्यापक बारिश का अलर्ट जारी किया है। गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के छह जिलों में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

गढ़वाल मंडल के देहरादून और टिहरी जिलों में अधिकांश इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। वहीं अन्य जिलों जैसे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और चमोली में भी अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है। कुमाऊं मंडल में नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने 13 जुलाई तक का विस्तृत अलर्ट भी जारी किया है। 9 जुलाई को भी लगभग 8 जुलाई जैसा ही पैटर्न रहेगा, जबकि 10 और 11 जुलाई को कुछ जिलों में अधिक तीव्र वर्षा का अलर्ट रहेगा। 12 जुलाई को मानसून कुमाऊं में अधिक सक्रिय रहेगा और नैनीताल-बागेश्वर में तेज बारिश की संभावना है।

सावधानी बरतें:
मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से नदियों, गाड़-गदेरों के किनारे न जाने की अपील की है। लगातार बारिश के चलते जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जानमाल को खतरा हो सकता है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं।