kotha
post authorAdmin 08 Jul 2025

चमोली के मुख गांव में बादल फटा, SDRF की टीम रवाना, प्रदेशभर में 74 सड़कें बंद.

उत्तराखंड के चमोली जिले में नंदप्रयाग घाट के पास स्थित मुख गांव में मंगलवार को बादल फटने की घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन मौके की स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है। बारिश के कारण भूस्खलन और संपत्ति को नुकसान की आशंका जताई गई है।

इस बीच मौसम विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन, नई दिल्ली ने राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की संभावना जताई है। इसके चलते राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने अलर्ट जारी करते हुए जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है। पत्र में अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में जलभराव और बाढ़ की संभावना जताते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

बारिश के कारण प्रदेशभर में 74 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अब भी औजरी के पास बंद है। राज्य आपातकालीन केंद्र के अनुसार रुद्रप्रयाग में 5, उत्तरकाशी में 1 राष्ट्रीय राजमार्ग, नैनीताल और चमोली में एक-एक राज्य मार्ग, चमोली में 20, पिथौरागढ़ में 9, बागेश्वर में 8, अल्मोड़ा में 3, चंपावत में 1, पौड़ी में 6, देहरादून में 4 और टिहरी में 8 ग्रामीण सड़कों पर आवागमन बंद है।

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।