बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) की पहली बोर्ड बैठक बुधवार को देहरादून में समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ दोनों धामों की आरती के साथ हुआ। इस दौरान वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिरों के लिए कुल ₹127 करोड़ के बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
वित्त अधिकारी मनीष कुमार उप्रेती ने बजट प्रस्तुति दी, जिसमें बदरीनाथ धाम के लिए ₹64.22 करोड़ और केदारनाथ के लिए ₹62.87 करोड़ का प्रस्ताव रखा गया। अनुमानित खर्च क्रमशः ₹56 करोड़ और ₹40 करोड़ बताया गया। समिति अध्यक्ष ने कहा कि बजट का उद्देश्य तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और मंदिर परिसरों के रखरखाव को सुदृढ़ करना है।
बैठक में साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, विश्राम गृहों की मरम्मत, शेड निर्माण और डिजिटल व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु मोबाइल ऐप, हेल्पलाइन और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा भी की गई।
बोर्ड ने धामों के समग्र विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। अब तक दर्शन कर चुके तीर्थयात्रियों की संख्या भी साझा की गई—8 जुलाई तक बदरीनाथ में 11,37,628 और केदारनाथ में 13,41,335 श्रद्धालु पहुंचे हैं। पंजीकरण के अनुसार बदरीनाथ के लिए 14.32 लाख और केदारनाथ के लिए 15.49 लाख तीर्थयात्रियों ने अब तक रजिस्ट्रेशन कराया है।



Admin






