देहरादून में बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक हुई मूसलधार बारिश ने शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रायपुर के तपोवन खाले में पानी का अचानक स्तर बढ़ने से लेन नंबर-7 निवासी अनिल नामक व्यक्ति बह गया। सर्च ऑपरेशन के बाद उसका शव डेढ़ किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भी दिक्कतें बढ़ गई हैं। कालसी में इछाड़ी डैम से लालढांग मार्ग पर हुए भूस्खलन की वजह से करीब 45 वाहन फंस गए। पुलिस और एसडीआरएफ ने रात्रि राहत अभियान चलाकर मार्ग को साफ कराया और वाहनों को सुरक्षित रवाना किया। इसी तरह रुद्रप्रयाग-बद्रीनाथ मार्ग पर भी भूस्खलन हुआ है, जिसे खोलने का प्रयास जारी है।
शहर के प्रिंस चौक, मोहकमपुर और अन्य निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रिस्पना और बिंदाल नदी के पास बसे लोगों को रात में पुलिस द्वारा सतर्क किया गया।
मसूरी में तेज बारिश के दौरान टिहरी बस स्टैंड के पास एक बड़ा बांज का पेड़ गिरने से एक कार और स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गए। लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। वन दरोगा अभिषेक सजवाण ने बताया कि भारी बारिश से पेड़ की जड़ें कमजोर होने के कारण हादसा हुआ।
मौसम विभाग पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी कर चुका था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों से दूर रहें और आवश्यक सावधानी बरतें।



Admin






