उत्तराखंड सरकार ने राज्य को डेस्टिनेशन वेडिंग का हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। साहसिक, आध्यात्मिक और पर्यावरण अनुकूल थीम पर शादियों को बढ़ावा देने के लिए "वेड इन उत्तराखंड" फ्रेमवर्क तैयार कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने इस नीति को जारी किया।
इस योजना का उद्देश्य उत्तराखंड को देश और विदेश के लोगों के लिए आकर्षक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है। इसके तहत विवाह स्थलों, सेवा प्रदाताओं और टूर ऑपरेटरों के लिए प्रमाणन व पैनल प्रक्रिया लागू की जाएगी। विवाह समारोहों के लिए एकल खिड़की पोर्टल बनाया जाएगा, जिससे लाइसेंस और अनुमतियों की प्रक्रिया आसान होगी। पर्यटन विकास परिषद को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है और जीएमवीएन व केएमवीएन इसमें सहयोग करेंगे।
राज्य सरकार नए और कम चर्चित स्थलों को पहचान कर वहां सड़क, बिजली, पानी और संचार जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करेगी। साहसिक स्थलों जैसे ऋषिकेश के नदी तट, मसूरी के रिसॉर्ट और अल्मोड़ा की विरासत संपत्तियों को प्रमोट किया जाएगा। शोर नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और ईको-फ्रेंडली दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा।
इस पहल से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय रोजगार और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिलेगी।



Admin






