यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी खालिद की संपत्ति पर चला बुलडोजर
UKSSSC पेपर लीक: उत्तराखंड में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा (वीपीडीओ) के पेपर लीक मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले के मुख्य आरोपी खालिद मलिक की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया है। भारी पुलिस और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में खालिद और उसके परिवार द्वारा किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया गया।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पेपर लीक से नाराज़ युवा सड़कों पर उतरकर सीबीआई जांच और परीक्षा को फिर से आयोजित करने की मांग कर रहे हैं। युवाओं के विरोध-प्रदर्शन के बीच, पेपर लीक के आरोपियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
प्रशासन की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर दुकानों को ध्वस्त कर दिया। 21 सितंबर को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर का कुछ अंश लीक हो गया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित खालिद समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया था।
एसटीएफ ने सुल्तानपुर निवासी आरोपित खालिद और उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में गुरुवार को पुलिस व प्रशासन ने आरोपित पर बड़ी कार्रवाई की। गुरुवार
शाम को एसडीएम सौरभ असवाल और एसपी देहात शेखर सुयाल पुलिस बल के साथ सुल्तानपुर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने आरोपित खालिद और उसके चाचा लियाकत की मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन दुकानों पर बुलडोजर चलाते हुए मौके पर हुए निर्माण को ध्वस्त करा दिया। इस दौरान आसपास किया गया अतिक्रमण भी हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान यहां भीड़ लगी रही।
एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि सुल्तानपुर में मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाया गया है। यहां खालिद व उसके स्वजन ने अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई की है।



Admin






