UKSSSC Paper Leak विरोध प्रदर्शन में लगे ‘फलीस्तीन जिंदाबाद’ के नारे
देहरादून में पेपर लीक के विरोध में दिशा संगठन के शामिल होने से प्रदर्शन ने नया रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों पर फलीस्तीन जिंदाबाद जैसे नारे लगाने के आरोप हैं जिससे अभ्यर्थियों में असमंजस है। कुछ युवाओं द्वारा नेपाल जैसे हालात होने की बात कहने से स्थिति और गंभीर हो गई है। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले पर कड़ी नजर रख रही हैं।
पेपर लीक विरोध में फलीस्तीन के नारे
दिशा संगठन की प्रदर्शन में एंट्री
सुरक्षा एजेंसियां रख रही हैं कड़ी नजर
देहरादून । परेड ग्राउंड स्थित धरना स्थल पर पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन में रविवार को नया मोड़ देखने को मिला। प्रदर्शन में शनिवार को दिशा नाम के एक संगठन की एंट्री हो गई।
आरोप है कि इस संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं ने ‘फलीस्तीन जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए। प्रदर्शन के दौरान पूर्व में भी हमें चाहिए आज़ादी जैसे नारे गूंजे थे। बताते हैं कि यहां पर कुछ युवा यह कहते हुए देखे गए उत्तराखंड में नेपाल जैसे हालात होकर रहेंगे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान जिस तरह की बयानबाजी और नारे गूंज रहे हैं वे इस तरफ इशारा कर रहे हैं कि कुछ संगठनों ने मंच का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए करना शुरू कर दिया है।
फलीस्तीन समर्थक नारों से माहौल में अचानक राजनीतिक रंग देखने को मिला। इससे आम अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति भी पैदा हो गई है, जो केवल परीक्षा रद्द करने और आयोग की पारदर्शी कार्यप्रणाली की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। यद्यपि, इस विरोध प्रदर्शन के दौरान गूंज रहे नारों व बयानों के दृष्टिगत सुरक्षा एजेंसियां भी इस पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।



Admin






