अपने शहर की हवा को साफ और प्रदूषण-मुक्त बनाने के लिए देहरादूनवासियों और नगर निगम के प्रयास आखिरकार रंग लाए हैं। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण (National Clean Air Survey) 2025 के नतीजों में देहरादून ने 171.7 अंक हासिल कर देश के टॉप-20 शहरों में जगह बनाई है। खास बात यह है कि पिछले वर्ष देहरादून 37वें स्थान पर था, जबकि इस बार रैंकिंग में जबरदस्त सुधार देखने को मिला।
इस उपलब्धि पर मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर आयुक्त नमामी बंसल और पूरी नगर निगम टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रैंकिंग नहीं बल्कि पूरे शहर द्वारा वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है।
दरअसल, पिछले आठ महीनों में नगर निगम ने शहर में प्रदूषण कम करने और हरियाली बढ़ाने के लिए कई पहल की हैं। इनमें शहर में नए पार्कों का निर्माण, बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान, साइकिल ट्रैक का विकास और सड़कों के किनारे धूल नियंत्रित करने के लिए पटरियों का निर्माण प्रमुख है। साथ ही फुटपाथ का विस्तार और छोटे गलियों से कूड़ा उठाने के लिए 15 ई-ऑटो ट्रिपर वाहन भी लगाए गए हैं।
यही नहीं, नगर निगम ने गीले कचरे से खाद बनाने के लिए 10 कंपोस्ट मशीनें भी स्थापित की हैं, जिससे न केवल कचरा प्रबंधन आसान हुआ है बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।
नगर आयुक्त नमामी बंसल ने कहा कि देहरादून को धूल-मुक्त और हरित शहर बनाने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। हरित नीतियों को लागू करने, हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वायु सुनिश्चित करने के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर काम किया जा रहा है। मेयर सौरभ थपलियाल ने भविष्य में देहरादून को टॉप-फाइव शहरों में स्थान दिलाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करें और स्वच्छ व स्वस्थ वायु बनाए रखने की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण का यह परिणाम देहरादून के लिए गर्व का क्षण है। इस उपलब्धि ने न केवल शहरवासियों को प्रेरित किया है बल्कि भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए भी उत्साह बढ़ाया है। देहरादून का यह कदम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में देश के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण बन सकता है।



Admin






