द लोनी अर्बन मल्टी-स्टेट एंड थिफ्ट कोआपरेटिव सोसाइटी यानि एलयूसीसी केस
द लोनी अर्बन मल्टी-स्टेट एंड थिफ्ट कोआपरेटिव सोसाइटी यानि एलयूसीसी घोटाले में रायपुर थाना पुलिस की ओर से एक और केस दर्ज किया गया है। मामले में फिल्म अभिनेता आलोक नाथ व श्रेयश तलपड़े समेत 13 अन्य को आरोपी बनाया गया है। दोनों फिल्म अभिनेताओं को आरोपियों ने फर्म का ब्रांड एंबेस्डर बताया था। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कई योजनाओं के नाम पर एजेंट बनाकर पीड़ित लोगों से 6.27 करोड़ लिए। जबकि, बाद में ऑफिस में ताला लगाकर फरार हो गए।
पीएम को भेजी कंप्लेन
पीएम को भेजी कंप्लेन में अपर तुनवाला निवासी विशाल क्षेत्री ने बताया कि गिरीश चंद सिंह बिष्ट निवासी ग्राम पिंगल कोट, कौसानी, जिला बागेश्वर वर्तमान निवासी बापूग्राम ऋषिकेश, उर्मिला बिष्ट व जगमोहन बिष्ट निवासी मीरा नगर ऋषिकेश ने ठगी करने के उददेश्य से सोसाइटी के नाम से लोगों को गुमराह करते हुए अवैध रूप से धन एकत्रित करने के लिए दून में ऑफिस खोले। आरोपियों ने बताया कि सोसाइटी भारत सरकार के अधीन रजिस्टर्ड संस्था है। जिसके ब्रांड एंबेस्डर फिल्म अभिनेता आलोक नाथ व श्रेयस तलपड़े हैं। सोसाइटी के मुख्य संचालनकर्ता मुख्य प्रबंधक निदेशक समीर अग्रवाल निवासी धनसौली नवी मुंबई, शबाब हुसैन रिजवी, कंपनी कलर निवासी उरई, जिला जलौन, आरके शेट्टी, कंपनी कलर, निवासी दादर वेस्ट मुंबई, संजय मूडगिल निवासी सुन्काली, अमलेहड़, ऊना, हिमाचल प्रदेश, उत्तम कुमार सिंह व माया राजपूत निवासी चित्रगुप्त नगर, जिला बाराबंकी ने मिलकर सोसाइटी को सरकारी संस्था दिखाते हुए देहरादून में आठ शाखाएं खोलीं।
लोगों को मिसगाइड करने के आरोप
शिकायतकर्ता ने ये भी बताया कि आरोपियों ने ठगी के मकसद से लोगों को मिसगाइड किया। उन्हें एजेंट बनाकर पैसे की उगाही का जिम्मा सौंपा। आरोपियों ने सोसाइटी की सुकन्या, आयुष्मान योजना, पेंशन प्लान, एफडी, एआइपी, शिक्षा प्लान आदि स्कीम में रकम लगाने के लिए 6.27 करोड़ रुपये जमा किए। इसके बाद आरोपी ऑफिस बंद कर फरार हो गए। थानाध्यक्ष रायपुर गिरीश नेगी के मुताबिक मामले में आरोपी गिरीश चंद्र सिंह, उर्मिला बिष्ट, जगमोहन बिष्ट, अनीता नेगी, समीर अग्रवाल, शबाब हुसैन, आरके शेट्टी, संजय मुदगिल, श्रेयस तलपड़े, आलोक नाथ, अत्तम कुमार, माया राजपूत व परितोष पंत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।



Admin






