नवरात्रों के अवसर पर मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल भी देखने को मिल रहा है.
श्रीनगर गढ़वाल: अलकनंदा नदी के तट पर स्थित प्राचीन शक्तिपीठ मां धारी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रों में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम दिखाई दे रहा है. नवरात्रों के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा है. सुबह से ही दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं. भजन-कीर्तन और मां के जयकारों से पूरी घाटी गूंज उठी है.
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं. साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवक भी पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रहे हैं.
धारी देवी मंदिर का महत्व: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां धारी देवी उत्तराखंड की रक्षक देवी के नाएम से जानी जाती है. लोगों के अनुसार मंदिर में स्थापित मां की मूर्ति दिनभर में तीन बार स्वरूप बदलती है—सुबह बालिका, दोपहर में युवती और रात को वृद्धा के रूप में दर्शन देती हैं. यह अद्भुत स्वरूप परिवर्तन श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है.धारी देवी मंदिर के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पांडे बताते हैं कि शारदीय नवरात्रों में मां धारी देवी की विशेष पूजा करने से भक्तों के जीवन से संकट दूर होते हैं. सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है. इन नौ दिनों में प्रतिदिन अलग-अलग रूपों में मां की आराधना की जाती है. इस दौरान श्रद्धालु व्रत, भजन-कीर्तन और सामूहिक हवन-पूजन में भी भाग ले रहे हैं.
स्थानीय उत्सव और संस्कृति का संगम: नवरात्रों के अवसर पर मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल भी देखने को मिल रहा है. ग्रामीण अंचल ओर अन्य प्रदेशों से आए श्रद्धालु न केवल पूजा-अर्चना कर रहे हैं बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी जान रहे हैं. महिलाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में किए जा रहे भजन और झांकियां वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना रही हैं.
श्रद्धालुओं की आस्था:देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु मानते हैं कि मां धारी देवी का आशीर्वाद जीवन को नई दिशा देता है. कई भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए यहां विशेष अनुष्ठान कर रहे हैं. मंदिर के चारों ओर अलकनंदा नदी की कल-कल धारा और हरी-भरी घाटियों का सौंदर्य भी श्रद्धालुओं को भक्ति और प्रकृति का अद्भुत संगम अनुभव करा रहा है.



Admin






