राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) आम नागरिकों के लिए जीवन रेखा का काम करती है।
हेल्पलाइन उपभोक्ता मामलों के विभाग की एक प्रमुख पहल है जो उपभोक्ताओं का मार्गदर्शन करती है, शिकायतों का समाधान करती है और उनके अधिकारों के बारे में जागरूकता पैदा करती है। यह consumerhelpline.gov.in पोर्टल के माध्यम से संचालित होता है और एकीकृत शिकायत निवारण तंत्र के रूप में कार्य करता है। यह प्लेटफ़ॉर्म उपभोक्ताओं, सरकारी एजेंसियों, नियामकों, लोकपालों, कंपनियों और कॉल सेंटरों को एक ही सिस्टम पर लाता है।
इस व्यवस्था के माध्यम से, उपभोक्ता ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं और सुनवाई से पहले के चरण में ही समाधान प्राप्त कर सकते हैं। यदि वे संतुष्ट नहीं होते हैं, तो उनके पास उपभोक्ता आयोगों से संपर्क करने का विकल्प भी है। यह पोर्टल नागरिकों को उनके अधिकारों की रक्षा करते हुए उनकी ज़िम्मेदारियों के बारे में जानकारी देने के लिए एक ज्ञानवर्धक मंच के रूप में भी कार्य करता है।
तकनीक का लाभ उठाने से हेल्पलाइन की पहुंच और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि
आपको बता दें, तकनीक का लाभ उठाने से हेल्पलाइन की पहुंच और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कॉल की संख्या दस गुना से भी ज़्यादा बढ़ गई है। कॉल की संख्या दिसंबर 2015 में 12,553 से बढ़कर दिसंबर 2024 में 1,55,138 हो गई है। वर्तमान में इस प्लेटफ़ॉर्म पर प्रति माह एक लाख से अधिक शिकायतें बढ़ते उपभोक्ता विश्वास को दर्शाता है। मासिक शिकायत पंजीकरण की औसत संख्या 2017 में 37,062 से बढ़कर 2025 में 1,70,585 हो गई है। डिजिटल माध्यमों की शुरुआत के साथ, हेल्पलाइन पर लगभग 65 प्रतिशत उपभोक्ता शिकायतें ऑनलाइन और डिजिटल माध्यमों से दर्ज की जाती हैं। व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत पंजीकरण में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जो मार्च 2023 में 3 प्रतिशत से बढ़कर मार्च 2025 में 20 प्रतिशत हो गई है।
सफलता की कहानियां
वैध राशन कार्ड होने के बावजूद बिहार के नालंदा के एक उपभोक्ता को चार महीने तक राशन न मिलने पर परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय स्तर पर मदद पाने के प्रयास विफल रहने पर, फिर उपभोक्ता ने राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन से संपर्क किया, जिसने सुनिश्चित किया कि राशन की आपूर्ति बहाल हो। इसके बाद आभार व्यक्त करते हुए, उपभोक्ता ने साझा किया, “मैं आपको किस लफ्जों में, किन शब्दों में धन्यवाद करु सर। आपके माध्यम से मेरी ये समस्या हल हो गई है।मैं बहुत ज्यादा खुश हूं। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, आपकी टीम का, ये राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन का।”
एक अन्य घटना में, हरियाणा के गुड़गांव के एक उपभोक्ता ने शिकायत की कि उसे अधिकृत एजेंसी से गैस सिलेंडर मिला जिसका वजन अपेक्षा से कम था। एजेंसी द्वारा कोई समाधान न दिए जाने पर उपभोक्ता ने एनसीएच की ओर रुख किया। समस्या का तुरंत समाधान कर दिया गया। त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए, उपभोक्ता ने कहा, “समस्या तो हल हो गई है, ये बहुत अच्छी बात है। आप तुरंत कार्रवाई करते हो और समय पर समाधान देते हो इसका।”
जुलाई 2025 विभिन्न क्षेत्रों में 2.72 करोड़ रुपये के कुल रिफंड की सफलतापूर्वक सुविधा
आपको बता दें, राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन ने जुलाई 2025 में 27 विभिन्न क्षेत्रों में 7,256 उपभोक्ता शिकायतों का समाधान करके 2.72 करोड़ रुपये के कुल रिफंड की सफलतापूर्वक सुविधा प्रदान की। अप्रैल 2025 में 1079 उपभोक्ता शिकायतों के निपटारे के साथ 62 लाख रुपये की कुल रिफंड प्रदान की गई थी। जुलाई 2025 के लिए ई-कॉमर्स क्षेत्र में रिफंड से संबंधित शिकायतों की सबसे बड़ी संख्या थी। इसमें 3,594 मामलों के परिणामस्वरूप 1.34 करोड़ रुपये की रिफंड हुई। यात्रा और पर्यटन क्षेत्र में रिफंड की राशि 31 लाख रुपये थी।
कन्वर्जेंस पहल के तहत, कंपनियां स्वैच्छिक और निःशुल्क आधार पर राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के साथ साझेदारी करती हैं, ताकि ग्राहकों की शिकायतों का शीघ्र और सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सके। शिकायतें तुरंत भेजी जाती हैं और कंपनियों से 30 दिनों के भीतर जवाब देने की अपेक्षा की जाती है।
अभिसरण भागीदारों की संख्या 2017 में 263 से बढ़कर सितंबर, 2025 तक 1,142 कंपनियों तक पहुंच गई है। इससे समय पर शिकायत निवारण के लिए सहयोगी तंत्र मजबूत हुआ है।
उपभोक्ता मामलों के विभाग ने फरवरी 2025 तक 1.56 करोड़ रुपये का रिफंड सुरक्षित कर लिया है। कोचिंग सेंटरों द्वारा रिफंड की अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा न करने के बाद, सिविल सेवा, इंजीनियरिंग और अन्य पाठ्यक्रमों में नामांकित 600 से ज़्यादा छात्रों के लिए यह कदम उठाया गया। राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के माध्यम से की गई इस कार्रवाई से अधूरी सेवाओं, रद्द की गई कक्षाओं और अनुचित व्यवहार जैसे मुद्दों का समय पर समाधान सुनिश्चित हुआ। साथ ही कोचिंग संस्थानों के लिए पारदर्शी, छात्र-हितैषी रिफंड नीतियां अपनाना भी अनिवार्य हो गया।
कोई व्यक्ति अपनी शिकायत कैसे दर्ज करा सकता है ?
- उपभोक्ता विभिन्न माध्यमों से राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं-
- टोल-फ्री नंबर 1800 11 4000 पर कॉल करें और सीधे एजेंट से बात करें। टोल-फ्री नंबर 1915 के जरिए 17 भाषाओं में शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं।
- consumerhelpline.gov.inपोर्टल पर पंजीकरण करें। एक बार साइन-अप और ईमेल सत्यापन के बाद, एक यूज़र आईडी और पासवर्ड बनाया जाएगा। इन क्रेडेंशियल्स के साथ, उपभोक्ता लॉग इन कर सकते हैं, शिकायत दर्ज कर सकते हैं और सहायक दस्तावेज़ अपलोड कर सकते हैं।
- 8800001915 पर एसएमएस भेजें और टीम उपभोक्ता से संपर्क करेगी।
- शिकायत दर्ज करने के लिए व्हाट्सएप का उपयोग करें।
- एनसीएच मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करें।
- उमंग ऐप पर सेवा का उपयोग करें।
- इसके अलावा, एक समर्पित फीडबैक तंत्र https://consumerhelpline.gov.in/public/feedback शुरू किया गया है, जो उपभोक्ताओं को सुझाव साझा करने के लिए प्रोत्साहित करता है। प्राप्त फीडबैक की व्यवस्थित रूप से समीक्षा और विश्लेषण किया जाता है, जो उपभोक्ता की आवश्यकताओं के अनुरूप निरंतर सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण इनपुट के रूप में कार्य करता है
- Source:ddnews 17/10/2025



Admin






