kotha
post authorAdmin 20 Oct 2025

आईएसबीटी ऋषिकेश: रोडवेज बस पर नशेड़ियों ने किया पथराव, शीशे तोड़े, 24 हजार लूटे.

हरिद्वार डिपो की रोडवेज बस में तोड़फाेड़ के साथ ही कैश लूटने का मामला सामने आया है। नशेड़ियों ने बस पर पथराव कर बस रुकवाई। चालक परिचालक से मारपीट कर 24 हजार रुपये लूट लिया।

चालक परिचालक ने आईएसबीटी ऋषिकेश चौकी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हरिद्वार डिपो की बस हरिद्वार से चंडीगढ़ ऋषिकेश हरिद्वार के मध्य संचालित होती है। इस बस में चालक सोनू कुमार और परिचालक अनुज कुमार थे। बस चालक सोनू कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ से शनिवार की रात 12:07 बजे ऋषिकेश बस अड्डे पर बस लेकर पहुंचे। वहां पर यात्रियों को उतारने के बाद बस आईएसबीटी से चंद्रभागा पुल की ओर जाने लगी।

चालक ने बताया कि जैसे ही वह चंद्रभागा पुल के नजदीक पहुंचे, सड़क पर खड़े कुछ लोगों ने बस पर अचानक पथराव कर दिया, बस के शीशे तोड़ दिए। जब हम नीचे उतरे और पथराव का कारण पूछा तो उन्होंने मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। कंडक्टर के थैले में रखा करीब 24000 रुपये लूट लिए और मौके से गायब हो गए।

उसके बाद वह बस को वापस मोड़कर आईएसबीटी ले आए। रात्रि ड्यूटी में तैनात स्थानीय रोडवेज अधिकारियों को जानकारी दी। 112 पर फोन करने के बाद चीता पुलिस मौके पर पहुंची। आईएसबीटी ऋषिकेश में अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और कैश लूटने की तहरीर दी।

एक दिन पहले ऑटो वालों से हुई थी लूट

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस रात को कितनी अलर्ट रहती है इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि लगातार दूसरे दिन नशेड़ियों ने मारपीट कर कैश लूट लिया। 17 अक्तूबर की रात को आईडीपीएल चौकी क्षेत्र के काले की ढाल में कुछ लोगों ने ई-रिक्शा चालक सोनू कुमार से मारपीट कर कैश छीन लिया था।

पुलिस गश्त को लेकर उठते हैं सवाल

शहर में रात को होने वाली गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ गिने चुने क्षेत्रों में गाड़ी घुमाकर गश्त की इतिश्री की जाती है। कई मोहल्ले ऐसे हैं जहां पुलिस ने गश्त करनी छोड़ दी है। जबकि पहले यहां गश्त होती थी। जिन स्थानों पर खोखो और दुकानों की आड़ में शराब बिक रही है, पुलिस उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई नहीं कर पाती।

शराब की होती है होम डिलीवरी

ऋषिकेश शहर में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। यह प्रदेश का एक मात्र ऐसा शहर है जहां अवैध शराब की होम डिलीवरी होती है। एक फोन पर शहर के किसी भी कोने में शराब उपलब्ध हो जाती है। पुलिस जानकारी होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं करती।

ऋषिकेश में कुछ लोगों ने हरिद्वार डिपो की रोडवेज बस पर पथराव कर दिया था। चालक परिचालक से मारपीट 24 हजार लूट लिए। वर्दी फाड़ दी। चालक परिचालक की ओर से ऋषिकेश आईएसबीटी चौकी में तहरीर दी गई है। - विशाल चंद्रा, एजीएम हरिद्वार डिपो

मामले में शिकायत मिली है। जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - केसी भट्ट, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली ऋषिकेश