kotha
post authorAdmin 21 Oct 2025

ऋषिकेश: स्पर्श गंगा की टीम ने गंगा में चप्पल पहन कर जाने वाले लोगों को जमकर लताड़ा।.

मां गंगा की पवित्रता को लेकर सजग रहने वाली स्पर्श गंगा की टीम ने गंगा में चप्पल पहन कर जाने वाले लोगों को जमकर लताड़ा। ऋषिकेश में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

ऋषिकेश: मां गंगा में कुछ लोगों के चप्पल पहन कर जाने वालों पर स्पर्श गंगा टीम के सदस्य भड़क गए। टीम के लोगों ने इन लोगों को चप्पल से गंगाजल पीने को कहा। गंगा में चप्पल पहनकर जाने को लेकर मौके पर जमकर हंगामा भी हुआ।

 

जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर कुछ लोग चप्पल पहन कर गंगा में नहाने के लिए चले गए, जबकि कुछ लोग चप्पल पहनकर गंगा नदी को पार कर रहे थे। इन लोगों की इस हरकत को स्पर्श गंगा टीम के जिला कोऑर्डिनेटर रमन जॉनी 'गंगा प्रेमी' ने देख लिया तो उन्हें बेहद गुस्सा आ गया।

 

इस दौरान उन्होंने इन्हें रोका और गंगा में चप्पल पहन कर जाने पर ऐतराज जताया। कुछ लोगों को पकड़कर चप्पल पहनकर गंगाजल में उतरने से रोका। मां गंगा की पवित्रता को लेकर उन्होंने लोगों को काफी समझाने की कोशिश भी की।

 

इसी बात पर गंगा स्नान करने वाले लोग, रमन जॉनी से बहस करने लगे, जिससे रमन भी भड़क गए और उन्हें चप्पल से गंगाजल का आचमन करने के लिए कहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।

ऋषिकेश की त्रिवेणी घाट से वायरल इस वीडियो से यह साफ हो रहा है कि यह घटना गंगा के प्रति श्रद्धा और धार्मिक नियमों का उल्लंघन है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गंगा नदी में चप्पल पहन कर जाना आस्था और पवित्रता के खिलाफ है और इसको लेकर अक्सर विरोध होता रहता है।

 

बता दें कि हरिद्वार की हर की पैड़ी में भी जूते चप्पल पहन कर जाने पर सख्त प्रतिबंध है। वहीं, स्पर्श गंगा की टीम ने लोगों से गंगा की पवित्रता को बनाए रखने और गंगा में चप्पल न ले जाने की अपील की है।