सड़े हुए सिस्टम रूपी A T M में सड़ती रही लाश: किसी को भनक नहीं लगी…!
देर शाम सहारनपुर चौक स्थित एक बैंक के खराब पड़े एटीएम बूथ के अंदर से एक सड़ा-गला शव बरामद हुआ है, जिसकी बदबू से लोगों को पता चला, पुलिस ने शव कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और शिनाख्त की जा रही है।
सहारनपुर चौक स्थित एटीएम बूथ के अंदर से एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। शव से बदबू आने पर स्थानीय लोगों को इसका पता चला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मौत के कारण स्पष्ट नहीं हुए।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देरशाम सूचना मिली कि सहारनपुर चौक स्थित एक बैंक के एटीएम बूथ से बदबू आ रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा, एटीएम के अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा था। पुलिस ने 108 आपातकालीन सेवा से शव कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रदीप पंत ने बताया कि व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। संभवतः वह नशेड़ी था, जो एटीएम के अंदर चला गया। यहीं उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एटीएम अक्सर खराब रहता है, ऐसे में लोग कम ही इस एटीएम का इस्तेमाल करते हैं। इस बीच एटीएम के अंदर कोई भी नहीं गया, ऐसे में अंदर शव होने की सूचना नहीं मिल पाई। शव शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया है।
एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
एटीएम में शव मिलने के बाद शहर में एटीएमों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। बैंक के एटीएम में सुरक्षाकर्मी तक तैनात नहीं किया गया था। वहीं, संबंधित बैंक की ओर से इसके अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी नहीं की जा रही थी। यदि बैंक निगरानी करता तो व्यक्ति के शव की जानकारी पहले ही मिल जाती। बिना सुरक्षा कर्मियों के चल रहे एटीएमों में भविष्य में बड़ी वारदात भी हो सकती है।



Admin






