kotha
post authorAdmin 26 Oct 2025

ऋषिकेश : नगर निगम को मिलेंगे 26 कूड़ा वाहन.

नगर निगम को इस सप्ताह 26 नए कूड़ा वाहन मिल जाएंगे। कूड़ा वाहन मिलने के बाद वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के काम में आसानी हो जाएगी। - गोपाल राम बिनवाल, नगर आयुक्त ऋषिकेश

शहर की स्वच्छता को मजबूत करने के लिए नगर निगम को इस सप्ताह 26 नए कूड़ा वाहन मिलेंगे। इन वाहनों की मदद से घर-घर जाकर कूड़ा इकट्ठा करने का काम और अधिक व्यवस्थित हो पाएगा, जिससे लोगों को बेहतर और नियमित सफाई सेवा मिल सकेगी।

नगर निगम को पिछले साल मार्च माह में ओएनजीसी के सीएसआर फंड से 20 नए कूड़ा वाहन मिले थे। करीब 15 कूड़ा वाहन पुराने थे। पुरानी एजेंसी की ओर से रखरखाव ठीक ढंग न किए जाने के कारण पर वाहन कबाड़ हो चुके हैं। नगर निगम की ओर से इन कबाड़ हो चुके वाहनों की एवज में पुराने एजेंसी के बकाया बिल से 15 लाख रुपये की धनराशि काटी जा चुकी है।

करीब चार माह पहले नगर निगम ने शहरी विकास निदेशालय को 26 नए कूड़ा वाहन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजा था। नगर निगम को यह कूड़ा वाहन एक सप्ताह के अंदर मिल जाएंगे। इन कूड़ा वाहनों के आने के बाद निगम के अलग-अलग वार्डों में कूड़ा कलेक्शन में तेजी आएगी।