भारत और ऑस्ट्रेलिया ने प्रमुख रक्षा समझौतों पर किए हस्ताक्षर; दोनों देशों के रक्षा मंत्री भी रहे मौजूद
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने प्रमुख रक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्टेलिया के उप-प्रधानमंत्री तथा रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स की उपस्थिति में यह समझौते हुए। ऑस्टेलिया यात्रा पर गए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मार्ल्स के साथ केनबरा में बातचीत की। दोनों नेताओं ने रक्षा उद्योग, साइबर रक्षा, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय चुनौतियों सहित भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग के सभी आयामों की समीक्षा की। उन्होंने व्यापक रणनीतिक भागीदारी के महत्व की पुष्टि की।
सोशल मीडिया पोस्ट में राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने भारत के रक्षा उद्योग में तेजी से वृद्धि और उच्च गुणवत्ता रक्षा प्रौद्योगिकी के रूप में वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती विश्वसनीयता का उल्लेख किया। दोनों नेताओं ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सुदृढ़ रक्षा उद्योग साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की। श्री सिंह ने सीमा पार से आतंकवाद और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर ऑस्ट्रेलिया के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देश मुक्त, खुले और प्रतिकूल परिस्थितियां सहने में सक्षम हिंद प्रशांत के लिए सहयोग और सुदृढ़ करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने कहा भारत के साथ नया रक्षा समझौता दोनों देशों के सशस्त्र बलों की बीच संचालन भागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण कदम है।
राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एन्थनी एल्बनीज़ के साथ भी बैठक की। सोशल मीडिया पोस्ट पर श्री सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच परस्पर संबंध घनिष्ठ और मजबूत होते रहेंगे।