रुड़की: बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर सोमवार देर शाम अपने पति फहद अहमद और बेटी के साथ सूफी संत हजरत सैय्यद आलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पिरान कलियर पहुंचीं। इस दौरान स्वरा ने दरगाह में चादर और फूल अर्पित कर देश में अमन, भाईचारे और एकता की दुआ की। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल पर आकर उन्हें सुकून और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ। "दिल को चैन मिला। यह जगह हर धर्म और हर इंसान को एकता और मोहब्बत का संदेश देती है।
स्वरा ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनके पति और बेटी के साथ उन्हें दरगाह आने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि दरगाह की मिट्टी में गंगा-जमुनी तहजीब और इंसानियत की खुशबू बसती है, जो पूरे देश को जोड़ती है। इस दौरान स्थानीय लोग भी स्वरा से मिलने के लिए उत्साहित नजर आए और बड़ी संख्या में उनकी झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। अभिनेत्री ने लोगों से मिलकर हाथ मिलाया और बातचीत की, जिससे माहौल और भी जीवंत हो गया।



Admin






