kotha
post authorAdmin 23 Nov 2025

विदेशी युवती ने रचाई गढ़वाली रीति-रिवाज से शादी: लंदन की मेलोडी और रुद्रप्रयाग के अक्षय नेगी की दिलचस्प कहानी.

उत्तरकाशी: देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और सामुदायिक जीवन शैली ने एक बार फिर विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित किया है। इसी कड़ी में लंदन की युवती मेलोडी ने भारतीय और विशेषकर गढ़वाली रीति-रिवाज अपनाते हुए रुद्रप्रयाग जिले के जाखणी निवासी अक्षय नेगी के साथ पवित्र विवाह बंधन में प्रवेश किया।

शनिवार को भटवाड़ी ब्लॉक के प्रसिद्ध पर्यटक ग्राम बार्सू स्थित श्री वासुकी नाग देवता मंदिर के प्रांगण में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों के तहत सात फेरे लिए। पूरे विवाह समारोह में देवभूमि की पारंपरिक संस्कृति और पहाड़ी रीति-रिवाजों की अद्भुत झलक देखने को मिली। स्थानीय ग्रामीणों ने नवविवाहित जोड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें मंदिर में विधिवत आशीर्वाद दिया।

इस शुभ अवसर पर विवाह अनुष्ठान का संचालन रुद्रप्रयाग से आए पंडित अजय नौटियाल तथा वधुपक्ष से पंडित राजीव नौटियाल ने किया। कन्यापक्ष से लुईस बॉन, केजी बॉन, एलएस बुश सहित करीब 30 विदेशी मेहमान और पूरे बार्सू गांव के लोग इस खास पल के साक्षी बने। विदेशी मेहमानों ने न केवल उत्तराखंडी संस्कृति को करीब से महसूस किया बल्कि लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दूल्हे के परिवार की ओर से दादी चंद्रा देवी, माता दीपा नेगी और अन्य रिश्तेदारों ने ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। नवदंपति अक्षय ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वेडिंग डेस्टिनेशन इन उत्तराखंड” विजन से प्रेरित होकर बार्सू में विवाह करने का निर्णय लिया।

अक्षय और मेलोडी दोनों पर्यटन और ट्रैकिंग क्षेत्र से जुड़े हैं। बार्सू, दयारा बुग्याल और सूर्य टॉप बुग्याल में ट्रैकिंग अभियानों के दौरान ही उनकी दोस्ती गहराती गई। मेलोडी का कहना है कि स्थानीय पर्व-त्योहारों और पारंपरिक शादी समारोहों में शामिल होने के बाद उसने निश्चय किया कि वह अपनी शादी श्री वासुकी नाग मंदिर में ही करेगी। शनिवार को उसका यह सपना सच हो गया।

यह विवाह समारोह इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराएं और प्राकृतिक सुंदरता विदेशी पर्यटकों को गहराई से प्रभावित कर रही है। साथ ही, यह दर्शाता है कि राज्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक और पर्यटन विकास के लिए तेजी से उभर रहा है।