kotha
post authorAdmin 04 Nov 2025

पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट में बड़ा धमाका! सिलेंडर ब्लास्ट में 12 लोग घायल, 2 की हालत नाजुक.

Pakistan Supreme Court blast: पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से 12 लोग घायल हुए हैं. मरम्मत कार्य के दौरान यह हादसा हुआ. दो लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिनमें एक एसी तकनीशियन की हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. 

Pakistan Supreme Court blast: इस्लामाबाद के सुप्रीम कोर्ट परिसर में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बेसमेंट में एक गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ. इस धमाके में 12 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाका कोर्ट की इमारत के एयर कंडीशनिंग सिस्टम की मरम्मत के दौरान हुआ. घटना के तुरंत बाद अदालत के भीतर हड़कंप मच गया और सभी वकील, जजों के स्टाफ और कर्मचारी इमारत से बाहर निकल आए. राहत व बचाव दल और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह विस्फोट सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट क्षेत्र में हुआ, जहां एसी सिस्टम की मरम्मत का काम चल रहा था. मरम्मत के दौरान गैस लीक हो रही थी, जिससे सिलेंडर में अचानक आग लगी और जोरदार धमाका हो गया. इस ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि कोर्ट की निचली मंजिलें हिल गईं, जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए और भागते हुए बाहर निकलने लगे. कोर्ट नंबर 6 को इस हादसे में सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है. हादसे के वक्त जस्टिस अली बाक़र नजफ़ी और जस्टिस शाहज़ाद मलिक कोर्ट नंबर 6 में सुनवाई कर रहे थे. 

धमाके की आवाज पूरी बिल्डिंग में गूंज गई. लोग घबराकर भागते हुए खुले क्षेत्रों की तरफ निकल गए. मौके पर मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ ने फौरन आपातकालीन प्रोटोकॉल (emergency protocol) एक्टिवेट किया. फायर ब्रिगेड, रेस्क्यू और पुलिस टीमें कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रण में लिया. घटना के तुरंत बाद कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया और सभी सुनवाईयों को रोक दिया गया. प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि किसी अन्य हिस्से में गैस लीक या आग का खतरा न हो. 

IGP का बयान: “कैंटीन में कई दिनों से गैस लीक हो रही थी”

इस्लामाबाद के IGP अली नासिर रिज़वी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह पुष्टि हुई है कि यह एक गैस ब्लास्ट था. उन्होंने कहा कि कैंटीन में पिछले कुछ दिनों से गैस लीक हो रही थी. आज मरम्मत के दौरान गैस सिलेंडर फट गया, जिससे यह हादसा हुआ.

 

IGP ने यह भी बताया कि विस्फोट एसी की मरम्मत के दौरान हुआ और यह “तकनीकी गलती” के कारण संभव हुआ. फिलहाल, फॉरेंसिक टीम और फायर सेफ्टी विशेषज्ञ मौके पर जांच कर रहे हैं . 

जांच जारी, सुरक्षा एजेंसियों ने घेरा इलाका

पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की संयुक्त टीम ने सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट को सील कर दिया है. बम डिस्पोजल यूनिट (BDU) और फायर एक्सपर्ट्स विस्फोट की सही वजह और गैस लीक के स्रोत का पता लगा रहे हैं. साथ ही, सुप्रीम कोर्ट प्रशासन ने भी आंतरिक जांच समिति गठित कर दी है, जो यह देखेगी कि सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं हुआ.

 

कैंटीन में था सिलेंडर, स्टाफ एरिया तक फैला धुआं

जानकारी के मुताबिक, यह कैंटीन क्षेत्र, जो सुप्रीम कोर्ट के कर्मचारियों के लिए आरक्षित है, में हुआ था. धमाके के बाद बेसमेंट में घना धुआं भर गया, जिससे कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी. फायर टीम ने धुएं को निकालने के लिए एग्जॉस्ट सिस्टम का इस्तेमाल किया और गैस लीकेज को पूरी तरह बंद कर दिया. 

घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई

हादसे के बाद सुप्रीम कोर्ट परिसर की सुरक्षा को उच्चतम स्तर पर बढ़ा दिया गया है. हर प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सभी कर्मचारियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा गया है. भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए फायर सेफ्टी ड्रिल और इंस्टॉलेशन जांच नियमित रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं.