देहरादून में घरेलू विवाद और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी का संकेत मिल रहा है। सोमवार को डीएम सविन बंसल के जनता दर्शन कार्यक्रम में ऐसे कई मामले सामने आए, जिन्हें सुनकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
एक महिला ने शिकायत की कि पति के निधन के बाद उनके छोटे बेटे ने फर्जी वसीयतनामा बनाकर घर की संपत्ति और बैंक खातों में जमा पूरी राशि अपने नाम कर ली। महिला ने बताया कि उनके जीवनयापन पर संकट खड़ा हो गया है।
इसी कार्यक्रम में एक अन्य मामले में 93 वर्षीय बुजुर्ग पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने बैंक खाते से धोखे से सभी रुपये निकाल लिए।
डीएम ने दोनों शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए।
बहू ने सास को घर से निकालने की कोशिश
जनता दर्शन में 176 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें पंडितवाड़ी निवासी एक महिला ने बताया कि उनकी बहू ने घर पर कब्जा कर लिया है और अब उन्हें घर से निकालने की कोशिश कर रही है। डीएम ने मामले में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दायर करने के निर्देश दिए।
बेटी पर घर कब्जाने का आरोप
दुर्गा नगर निवासी एक वृद्ध महिला ने बताया कि उन्होंने एमडीडीए बन्द्रनगर कॉलोनी में अपनी बेटी को रहने के लिए घर दिया था, लेकिन पति की मौत के बाद बेटी ने धोखे से घर पर कब्जा कर लिया और फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करा ली।
डीएम ने सभी मामलों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।



Admin






