kotha
post authorAdmin 10 Dec 2025

मुख्यमंत्री धामी ने बागेश्वर में 108 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया.

बागेश्वर दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपकोट के केदारेश्वर मैदान में आयोजित जन सम्मेलन में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 108 करोड़ रुपये की कुल 42 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 62 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का लोकार्पण तथा 45.95 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसने आयोजन का माहौल ऊर्जा से भर दिया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भारी उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार विकास के सही मार्ग पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मानस खंड माला’ परियोजना के तहत धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि शीतकालीन पर्यटन की नई पहल से प्रदेश में वर्षभर पर्यटन गतिविधियाँ बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि 'वन डिस्ट्रिक्ट – टू प्रोडक्ट' योजना के तहत बागेश्वर की पारंपरिक ताम्र शिल्प कला को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। सरयू और गोमती नदियों के संरक्षण कार्य भी निरंतर आगे बढ़ रहे हैं, जबकि बागेश्वर रेल लाइन का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है।

उन्होंने घोषणा की कि गरुड़ अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।

कार्यक्रम में विभिन्न स्वायत सहकारिता और स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता चेक प्रदान किए गए:

  • संकल्प स्वायत सहकारिता समूह सीएलएफ (हर्षिला) – ₹3 करोड़ 23 लाख

  • ऊर्जा स्वायत सहकारिता सीएलएफ – ₹22 लाख 50 हजार

  • संवाद महिला स्वयं सहायता समूह – ₹5 लाख

  • जय गोलू देवता स्वयं सहायता समूह – ₹5 लाख

कार्यक्रम स्थल पर कृषि, उद्यान, रेशम, सहकारिता, ग्राम्य विकास, महिला सशक्तिकरण, डेयरी, पशुपालन और उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों ने स्टॉल लगाए, जिनमें योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय हस्तशिल्पकारों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं व उनके कार्य का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।