kotha
post authorAdmin 13 Dec 2025

उत्तराखंड: आतंक का पर्याय बना आदमखोर गुलदार पिंजरे में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस.

चंपावत: चंपावत जिले के लोहाघाट तहसील अंतर्गत बाराकोट ब्लॉक के चुयरानी क्षेत्र के धरगड़ा तोक में लंबे समय से दहशत फैला रहा आदमखोर गुलदार आखिरकार वन विभाग की टीम के हाथ लग गया। शुक्रवार देर रात गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में कैद कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया।

यह गुलदार 9 दिसंबर को 45 वर्षीय देव सिंह अधिकारी पर हमला कर चुका था। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था और ग्रामीण घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे थे।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इलाके में लगातार पिंजरे लगाए गए, थर्मल कैमरों से निगरानी की गई और नियमित गश्त जारी रही।

वन विभाग की टीम ने बाराकोट के ऊध्यूनढूंगा–स्वीलाखेड़ा क्षेत्र के समीप गुलदार को ट्रैप कर सफलता प्राप्त की। विभाग के अनुसार 11 दिसंबर की रात गुलदार पिंजरे से बच निकलने में सफल रहा था, लेकिन अगली रात दोबारा आने पर उसे पकड़ लिया गया।