kotha
post authorAdmin 14 Dec 2025

खटीमा तुषार हत्याकांड: एनकाउंटर में एक आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली.

खटीमा के तुषार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार देर रात एनकाउंटर के दौरान एक आरोपी हाशिम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, वह झनकट क्षेत्र में छिपा हुआ था।

सीओ खटीमा विमल रावत ने बताया कि रात करीब एक बजे झनकट ईंट भट्ठे के पास पुलिस ने घेराबंदी की, इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


ये है पूरा मामला

शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे, आश्रम पद्धति स्कूल के पीछे रहने वाला तुषार शर्मा (24) बस स्टॉपेज के पास अभय और सलमान के साथ चाय की दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान गोटिया/इस्लाम नगर से आए कुछ युवकों से कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। आरोपियों ने तीनों पर चाकू से हमला किया।

पुलिस ने घायलों को खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुषार को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।


घटना के बाद तनाव

शनिवार सुबह हत्या की खबर फैलते ही शहर में तनाव का माहौल बन गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोगों ने घटनास्थल के पास एक चाय की दुकान में आग लगा दी और आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस व अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।