kotha
post authorAdmin 14 Dec 2025

उत्तराखंड में 1649 प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया 30 दिसंबर तक होगी पूरी.

उत्तराखंड के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त चल रहे शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 30 दिसंबर तक हर हाल में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए।

राज्य के प्राथमिक स्कूलों में सहायक शिक्षकों के कुल 2100 पद रिक्त हैं। इनमें से 451 पदों पर भर्ती प्रक्रिया न्यायालय में विचाराधीन है। इन पदों को छोड़कर शेष 1649 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है।

सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तत्काल पूरी करें। प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के अनुसार, आवेदन पत्रों को 16 दिसंबर तक जिला स्तर पर संकलित किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें अनुमोदन के लिए निदेशालय भेजा जाएगा

भर्ती प्रक्रिया में देरी न हो, इसके लिए जिलों में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है। विभाग का मानना है कि इन भर्तियों से प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।