kotha
post authorAdmin 17 Dec 2025

आयुष्मान योजना में बड़ा विस्तार: हार्ट, किडनी और कैंसर समेत 150 नई बीमारियों के इलाज पैकेज जुड़ेंगे.

आयुष्मान भारत योजना के तहत अब हार्ट, किडनी, लीवर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज भी निजी अस्पतालों में मुफ्त हो सकेगा। उत्तराखंड में आयुष्मान योजना के अंतर्गत 150 नई बीमारियों के उपचार पैकेज जोड़ने की तैयारी की जा रही है। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही यह सुविधा नए साल से लागू होने की संभावना है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में आयुष्मान योजना के तहत प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध है, जिसमें करीब 1900 उपचार पैकेज शामिल हैं। हालांकि, कई जटिल बीमारियों के पैकेज शामिल न होने के कारण मरीजों को इलाज में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने 150 से अधिक नई बीमारियों के पैकेज जोड़े हैं। अब राज्य सरकार भी इन्हें उत्तराखंड में लागू करने की तैयारी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुसार, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद योजना लागू कर दी जाएगी, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।