लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि फेक न्यूज़ और एआई आधारित डीप फेक लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक जानकारियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है।
मंत्री ने बताया कि एआई जनित डीप फेक की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक नया मसौदा नियम जारी किया गया है। इसके साथ ही सरकार और भारतीय प्रेस परिषद टीवी चैनलों और अखबारों पर आने वाली शिकायतों की सक्रिय समीक्षा कर रही है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि फर्जी खबरों और गलत बयानों का तुरंत और प्रभावी रूप से विरोध होना चाहिए। यह जिम्मेदारी केंद्र व राज्य सरकारों के साथ-साथ समाज की भी है, ताकि समाज में विश्वास और मजबूत बना रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने देश में एक नई क्रांति लाई है, जिसका सकारात्मक प्रभाव सभी क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने ऑनलाइन मनी गेमिंग को नियंत्रित करने के लिए कठोर कानून बनाया है, जिससे करोड़ों परिवारों को लाभ हो रहा है।



Admin






