देहरादून में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कंप्यूटर-आधारित परीक्षा में नकल करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक अभ्यर्थी को नकल पर्ची के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में एक संगठित गिरोह की संलिप्तता भी सामने आ रही है।
जांच में पता चला है कि नकल करवाने के लिए आरोपी की हरियाणा के एक व्यक्ति से चार लाख रुपये में डील तय हुई थी। गिरोह प्रश्नपत्र और उत्तरों के आदान-प्रदान के लिए प्राइवेट मैसेजिंग एप का इस्तेमाल कर रहा था।
श्रीकोट, पुरोला (उत्तरकाशी) निवासी वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर यशवीर ने पुलिस को तहरीर दी कि 2 दिसंबर को पटेलनगर स्थित ICAT Solution परीक्षा केंद्र में द्वितीय पाली के दौरान एक अभ्यर्थी विवेक (22), निवासी अचीना, चरखी दादरी (हरियाणा) की गतिविधियाँ संदिग्ध लगने पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से एक नकल पर्ची बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि परीक्षा पास कराने के लिए उसकी हरियाणा निवासी “शर्मा” नामक व्यक्ति से चार लाख की बात हुई थी। शर्मा ने परीक्षा से पहले केंद्र के पास तीन व्यक्तियों से उसकी मुलाकात कराई। उन्हीं लोगों ने आरोपी के मोबाइल पर एक प्राइवेट एप डाउनलोड कर उत्तर भेजे, जिन्हें विवेक ने एक पर्ची पर लिखकर जैकेट की आस्तीन में छिपा लिया था।
पुलिस अब पूरे गिरोह, एप के उपयोग और संबंधित सभी लिंक्स की गहन जांच कर रही है।



Admin






