उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र निर्माण और भारतीय राष्ट्रवाद के विचारों को समर्पित एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना देश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वसंत कुंज योजना क्षेत्र में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में स्थापित राष्ट्र नायकों की विशाल प्रतिमाओं का अवलोकन किया और उन्हें नमन किया।
उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अनेक वरिष्ठ नेता और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री मोदी ने बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह का अभिवादन किया। इसके पश्चात ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। प्रधानमंत्री ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और भाजपा-जनसंघ गलियारे का अवलोकन किया, जहां भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक की वैचारिक यात्रा को चित्रों और प्रदर्शनों के माध्यम से दर्शाया गया है।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी गैलरी का भ्रमण किया। यहां उनके जीवन, विचारधारा और राष्ट्र के लिए किए गए संघर्षों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल भारतीय राष्ट्रवाद की त्रयी—डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी—के विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास है।
गौरतलब है कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल को कमल की आकृति में विकसित किया गया है। परिसर में इन तीनों राष्ट्र नायकों की लगभग 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनका निर्माण विश्वविख्यात मूर्तिकार राम सुतार और मंटू राम आर्ट क्रिएशंस द्वारा किया गया है। फेसेड लाइटिंग और प्रोजेक्शन मैपिंग से प्रतिमाओं को विशेष आकर्षण दिया गया है।
परिसर में राष्ट्र नायकों को समर्पित एक भव्य संग्रहालय भी बनाया गया है। संग्रहालय की इंटरप्रिटेशन वॉल पर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ी म्यूरल आर्ट के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की यात्रा को दर्शाया गया है। संग्रहालय के कोर्टयार्ड में भारत माता की प्रतिमा राष्ट्रीय भावना का प्रतीक बनकर स्थापित है।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 3,000 सीटों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर, लगभग 2 लाख लोगों की क्षमता वाला विशाल रैली स्थल, सिंथेटिक ट्रैक, ध्यान केंद्र, विपश्यना और योग केंद्र, हेलीपैड तथा कैफेटेरिया जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना के संचार का प्रमुख केंद्र बनेगा।



Admin






