kotha
post authorAdmin 26 Dec 2025

अंकिता हत्याकांड की आड़ में ब्लैकमेलिंग के आरोप: उर्मिला सनावर की कुंडली खंगालेगी दून पुलिस.

देहरादून में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नाम का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर आरोप, धमकी और कथित ब्लैकमेलिंग के मामलों ने नया मोड़ ले लिया है। दून पुलिस ने इस पूरे प्रकरण की गहन और बहु-आयामी जांच शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जांच अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर के सभी पुराने सोशल मीडिया वीडियो, गतिविधियां और उनके विरुद्ध दर्ज पूर्व मुकदमों की गहराई से जांच की जाए।

पुलिस के अनुसार, उर्मिला पर अंकिता भंडारी हत्याकांड के नाम का सहारा लेकर सोशल मीडिया पर लोगों को भड़काने, एआई तकनीक के आपराधिक दुरुपयोग, अश्लील सामग्री फैलाने और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। इन्हीं कारणों से हर पहलू की तकनीकी, विधिक और सामाजिक जांच आवश्यक मानी जा रही है।

इस मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने सहारनपुर पुलिस से भी संपर्क साधा है। जानकारी के अनुसार, सहारनपुर में उर्मिला के खिलाफ पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ द्वारा पहले से मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।

आरती गौड़ ने नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज ताजा मुकदमे में आरोप लगाया है कि उर्मिला, पुराने मुकदमे की रंजिश में उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक वीडियो बना रही है। आरोप है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से अश्लील वीडियो तैयार कर वायरल करने की धमकी दी जा रही है और उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने वायरल हो रहे ऑडियो और वीडियो क्लिप्स को जांच में शामिल कर लिया है। इन सभी डिजिटल सबूतों को एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) भेजने की तैयारी की जा रही है ताकि उनकी प्रामाणिकता और तकनीकी स्रोत की पुष्टि हो सके।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के अनुसार, जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।