kotha
post authorAdmin 26 Dec 2025

उत्तराखंड | ISBT के पास लगेगा अब संडे बाजार, जानिए क्यों लिया गया बड़ा फैसला.

देहरादून: शहर में हर रविवार लगने वाला संडे बाजार लंबे समय से यातायात जाम और आपात सेवाओं में बाधा का कारण बन रहा था। अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर लैंसडाउन चौक के समीप रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाला साप्ताहिक संडे बाजार अब आईएसबीटी, देहरादून के पास उत्तराखण्ड मेट्रो रेल लिमिटेड की खाली भूमि पर आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रेंजर्स ग्राउंड क्षेत्र में बाजार लगने के दौरान वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और अत्यधिक भीड़ के कारण लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक और क्रॉस रोड तिराहे सहित आसपास के इलाकों में गंभीर जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और एम्बुलेंस जैसी आकस्मिक सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति ने भी प्रशासन से बाजार को किसी वैकल्पिक उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था। सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद लोकहित में यह निर्णय लिया गया।

यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163(1) के अंतर्गत जारी किया गया है। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक आईएसबीटी के समीप स्थित उक्त भूमि पर मेट्रो परियोजना का वास्तविक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो जाता।
इस निर्णय से अब शहरवासियों को संडे बाजार के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और आवश्यक सेवाओं का संचालन भी सुचारू रूप से हो सकेगा।