kotha
post authorAdmin 26 Dec 2025

आज से रेल यात्रा हुई महंगी, जानिए कितनी बढ़ी टिकट की कीमत और किन यात्रियों पर नहीं पड़ेगा असर.

देशभर में रेल यात्रियों के लिए आज से सफर महंगा हो गया है। भारतीय रेलवे ने यात्री किरायों में बढ़ोतरी की नई दरें लागू कर दी हैं। रेल मंत्रालय द्वारा 21 दिसंबर को घोषित इस फैसले को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी की जा चुकी है।

नई व्यवस्था के अनुसार, 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब अधिक किराया देना होगा। साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसा, जबकि मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की गैर-वातानुकूलित और सभी ट्रेनों की वातानुकूलित श्रेणियों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है।

यह बीते एक वर्ष में दूसरी बार है जब यात्री किरायों में संशोधन किया गया है। इससे पहले जुलाई महीने में भी किराया बढ़ाया गया था। मंत्रालय का कहना है कि यह फैसला यात्रियों की वहनीयता और रेलवे की परिचालन स्थिरता के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकटों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही, 215 किलोमीटर तक की द्वितीय श्रेणी सामान्य यात्रा पहले की तरह ही रहेगी, जिससे दैनिक यात्रियों और कम दूरी तय करने वालों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।