देहरादून। राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से “ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना” के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल द्वारा मुख्यमंत्री की प्रेरणा से प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य दुर्गम और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी नागरिक भौगोलिक कठिनाइयों या आर्थिक सीमाओं के कारण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, निःशुल्क जांच, परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
परियोजना के प्रथम चरण में जनपद चमोली और टिहरी गढ़वाल को शामिल किया गया है, जहां दो पूर्णतः सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स तैनात की गई हैं। इन यूनिट्स के माध्यम से सामान्य चिकित्सा, 29 से अधिक निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, निःशुल्क दवा वितरण, नेत्र परीक्षण, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यकता पड़ने पर रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रत्येक मोबाइल यूनिट में प्रशिक्षित चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहेंगे। ये यूनिट्स गांवों, कस्बों, स्कूलों और बाजारों में पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सेवाएं देंगी, जिसके लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन कमल घनसाला, डॉ. पुनीत त्यागी, डॉ. एस.एल. जेठानी, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) ओ.पी. सोनी तथा डॉ. सुभाष गुप्ता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।



Admin






