kotha
post authorAdmin 27 Dec 2025

वीर बाल दिवस पर सीएम धामी ने गुरुद्वारे में माथा टेक गुरु गोविंद सिंह जी व चारों साहिबजादों की शहादत को किया नमन.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर बाल दिवस के अवसर पर नैनीताल जिला मुख्यालय के मल्लीताल स्थित गुरुद्वारे में पहुंचकर माथा टेका और सिख धर्म के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी तथा उनके चारों साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—की शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों का बलिदान केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व इतिहास में साहस, धर्मनिष्ठा और त्याग का अनुपम उदाहरण है। अल्पायु में उन्होंने धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा हेतु सर्वोच्च बलिदान दिया, जो आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने हेतु ‘वीर बाल दिवस’ मनाने की घोषणा एक ऐतिहासिक निर्णय है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को साहस, शौर्य, राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगी।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, गुरु सिंह सभा के पदाधिकारीगण, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।