kotha
post authorAdmin 27 Dec 2025

उत्तराखंड: राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चमोली जनपद के सेमलडाला, पीपलकोटी में आयोजित 24वें बंड विकास औद्योगिक, पर्यटन, किसान एवं सांस्कृतिक मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे मेले स्थानीय उत्पादों को बाज़ार से जोड़ने के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक-संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले सभी स्मृति-चिन्ह और भेंट सामग्री अब स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए आम जनता से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल, मेड इन इंडिया और वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य में केदारनाथ और बद्रीविशाल में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य, रोपवे और रेल परियोजनाओं से पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।

उन्होंने बताया कि एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालय, स्टेट मिलेट मिशन और होमस्टे योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में 800 से अधिक होमस्टे संचालित हैं और उत्तराखंड एक उभरते हुए वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान सेमलडाला खेल मैदान के विस्तारीकरण, नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग पर आधारभूत सुविधाओं के विकास, ग्वालदम-तपोवन मार्ग का नाम नंदा-सुनंदा मार्ग रखने तथा विभिन्न धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की भी घोषणाएं कीं।