रुड़की के सिविल अस्पताल में शनिवार देर रात विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डॉक्टर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में की गई, जहां डॉक्टर की ड्यूटी लगी हुई थी।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर ने मेडिकल से संबंधित सप्लीमेंट्री प्रक्रिया के नाम पर एक पीड़ित से 20 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत उत्तराखंड विजिलेंस से की, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर ने करीब 20 दिन पहले ही रुड़की सिविल अस्पताल में कार्यभार संभाला था। इससे पहले वह मसूरी में तैनात था। तय रकम लेते ही विजिलेंस टीम ने इमरजेंसी वार्ड में उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और मरीजों के बीच देर रात तक चर्चा का माहौल बना रहा। विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
विजिलेंस विभाग का कहना है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी डॉक्टर पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं। घटना के बाद सिविल अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।



Admin






